Home उत्तर प्रदेश कृषि यंत्रीकरण योजना में ई-लॉटरी से हुआ किसानों का चयन

कृषि यंत्रीकरण योजना में ई-लॉटरी से हुआ किसानों का चयन

विकास भवन में सीडीओ पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया
13 किसानों को कृषि यंत्रों के लिए मिला अनुदान का लाभ
FATEHPUR NEWS:  कृषि यंत्रीकरण योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए किसानों के चयन हेतु विकास भवन सभागार में ई-लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) योजना एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजीड्यू (सीआरएम) योजना के तहत ऑनलाइन बुकिंग करने वाले किसानों का चयन किया गया। उप निदेशक कृषि ने बताया कि 25 फरवरी से 4 मार्च 2026 के बीच विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए 55 किसानों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। इसके सापेक्ष ई-लॉटरी के माध्यम से 13 किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों को आलू खुदाई मशीन, मल्टीक्राप थ्रेसर, लेजर लैंड लेवलर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस, पावर वीडर, पावर चाफ कटर, आलू बुवाई मशीन, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, श्रब मास्टर, क्रॉप रीपर और हैप्पी सीडर जैसे यंत्रों पर अनुदान का लाभ मिलेगा। इसके अलावा 14 किसानों का चयन लक्ष्य के बराबर बुकिंग होने के कारण निदेशालय स्तर से 5 मार्च 2026 को स्वतः किया गया। इनमें ड्रोन, रोटावेटर, स्ट्रा रीपर, पावर टिलर, सुपर सीडर, सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, बेलिंग मशीन और स्ट्रा रेक जैसे कृषि यंत्र शामिल हैं। उप कृषि निदेशक ने चयनित किसानों को बधाई देते हुए कहा कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार पंजीकृत फर्म से कृषि यंत्र खरीदकर दर्शन 2.0 पोर्टल पर बिल अपलोड करें, ताकि सत्यापन के बाद अनुदान की धनराशि शीघ्र उनके खाते में भेजी जा सके। उन्होंने किसानों को यह भी निर्देश दिया कि कृषि यंत्र खरीदने से पहले कीमत का 50 प्रतिशत भुगतान अपने बैंक खाते से विक्रेता के खाते में स्थानांतरित करें, जिसका प्रमाण सत्यापन के समय लिया जाएगा। इस दौरान समिति के सदस्य उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, एलडीएम, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विकासखंडों के किसान उपस्थित रहे।