स्कूल के पास झाड़ियों में आग लगाने से फैला धुआं; प्रशासन ने संभाली स्थिति, सभी बच्चे खतरे से बाहर
KUSHINAGAR NEWS: सेवरही नगर स्थित ग्रीनलैंड विद्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जहरीले धुएं की चपेट में आकर एक साथ 26 बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी की शिकायत होने पर तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सेवरही में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के पास खरपतवार और झाड़ियों को साफ करने के लिए आग लगाई गई थी। इसी दौरान उठे घने धुएं के कारण स्कूल में मौजूद बच्चे प्रभावित हो गए। घटना के बाद मौके पर दहशत का माहौल बन गया और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई।
सूचना मिलते ही एम्बुलेंस सेवा 108 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सभी बच्चों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद 11 बच्चों को एहतियातन जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम तमकुहीराज मौके पर पहुंच गए। वहीं, डीएम कुशीनगर महेंद्र तंवर और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को जल्द नियंत्रण में कर लिया। डीएम महेंद्र तंवर ने बताया कि झाड़ियों में आग लगाने से उठे धुएं के कारण बच्चों को परेशानी हुई। अधिकांश बच्चों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, उनको उनके घर भेज दिया गया जबकि कुछ बच्चों को एहतियात के तौर पर जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है ताकि लापरवाही के कारणों का पता लगाया जा सके।







