छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियां को सार्वजनिक रूप से पहचान दिलाना, उन्हें प्रेरणा देना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना ही ए बी वी पी का उद्देश्य :अजय कुशवाहा
KUSHINAGAR NEWS: बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के द्वारा नगरपालिका परिषद कुशीनगर कार्यालय के परिसर में प्रेस वार्ता आयोजन किया गया। जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों एवं छात्र हितों से जुड़ी योजनाओ की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रांत सह मंत्री गोरक्ष प्रांत द्वारा अभाविप का सदस्यता अभियान 15 जुलाई से प्रारंभ हुआ है जो प्रान्त के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में चल रहा है। इसी क्रम में कुशीनगर विभाग में अभाविप ने 65600 विद्यार्थियों को अपना सदस्य बनाने का लक्ष्य लिया है। जिसमें हमने 20000 से अधिक लक्ष्य की प्राप्ति कर चुके हैं। 21 अगस्त को हमारा अधिकतम सदस्यता दिवस रहेगा। विभाग संयोजक अजय कुशवाहा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समय-समय पर रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल मंच प्रदान करती है,बल्कि उनके सर्वांगीण विकास हेतु एक सकारात्मक वातावरण भी उपलब्ध कराती है । अभाविप के विभिन्न कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से पहचान दिलाना, उन्हें प्रेरणा देना, और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना है। अभाविप जिले में चल रहे बगैर मानक के पुस्तकालयों, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के खिलाफ वृहद अभियान चलाएगी और अवैध रूप से फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन करेगी। विद्यालयों में छुट्टी होने के समय घूमने वाले बाहरी तत्वों पर प्रशासन से कार्यवाही करने की मांग करती है। जिला संयोजक राजन मद्धेशिया ने कहा कि अभाविप कुशीनगर के द्वारा अगस्त महीने के अंतिम सप्ताह में प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े छात्र- छात्राएं, शिक्षक गण उपस्थित रहेंगे। अभाविप एक ऐसा राष्ट्रव्यापी छात्र संगठन है जो शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के मूल मंत्र को लेकर निरंतर छात्र हित में कार्य कर रहा है। आज जब कई छात्र संगठन केवल राजनीतिक महत्वाकांक्षाओ से प्रेरित होकर कार्य कर रहे हैं, वहीं अभाविप जनसेवा, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण को अपनी प्राथमिकता बनाकर दिन-प्रतिदिन छात्रों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवा रहा है। प्रेस वार्ता में प्रांत सह मंत्री तनुज पाठक, विभाग संयोजक अजय कुशवाहा, विभाग संगठन मंत्री शुभम, जिला संयोजक राजन मद्धेशिया, जिला संगठन मंत्री आलोक व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







