जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई, लेखपाल और कृषि विभाग की निगरानी में हुआ वितरण
SIDHARTHNAGAR NEWS: किसानों को यूरिया की किल्लत से राहत देने के लिए प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश पर, डुमरियागंज में जब्त की गई यूरिया खाद को किसानों में वितरित किया गया।
उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने तहसीलदार रवि कुमार और जिला कृषि अधिकारी के साथ मिलकर रामानन्द तिवारी खाद भण्डार में सील की गई 2743 बोरी खाद का वितरण कराया। यह खाद डुमरियागंज तहसील की 21 दुकानों के माध्यम से बांटी गई, जिसमें से 9 दुकानों को जिलाधिकारी द्वारा विशेष रूप से चुना गया था। वितरण प्रक्रिया पर लेखपाल, कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों की कड़ी निगरानी रही। हर दुकान को 304 से 305 बोरी खाद दी गई, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक पहुँच सके।
उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यह वितरण पूरी तरह से पारदर्शी था, जिससे किसानों को यूरिया की कमी से काफी राहत मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि कालाबाजारी को रोकने के लिए आगे भी कड़ी निगरानी जारी रहेगी। जिन दुकानों से खाद का वितरण हुआ, उनमें राकेश वर्मा (गड़ावर), राजेश खाद भण्डार (भनवापुर), बृजनन्दन (महनुवा), त्रिपाठी खाद भण्डार (बुढ़ऊ), राजेन्द्र प्रसाद (मन्निजोत), ओम प्रकाश तिवारी (महुआ), संजीव तिवारी (महुवा), यदुनन्दन (सरोथर) और शिवाजी मिश्र (भनवापुर) शामिल हैं।







