SIDHARTHNAGAR NEWS: मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजनान्तर्गत वर्ष 2015-16 में निर्मित उथले नलकूपों पर पम्पसेट स्थापना हेतु वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद सिद्धार्थनगर को आवंटित 344 पम्पसेट के सापेक्ष 286 पम्पसेट का वितरण कार्यक्रम अम्बेडकर सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा सांसद जगदम्बिका पाल को बुके भेंट कर स्वागत से हुई। अपने संबोधन में सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि बिना गारंटी के पांच लाख रुपये तक का ऋण उद्योग स्थापना हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है तथा किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को बेहतर खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई में होने वाली कठिनाइयों और लागत को कम करने के उद्देश्य से पम्पसेट वितरित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को सिंचाई में सुविधा और बचत दोनों होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान समृद्ध होगा तभी देश और प्रदेश विकसित होगा।सहायक अभियंता, लघु सिंचाई सिद्धार्थनगर ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी और उन्हें सिंचाई सुविधाओं का लाभ लेकर नकदी फसलों—फल, गन्ना, सब्जी व केला—की खेती के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया गया कि शेष 58 डीजल पम्पसेट की आपूर्ति प्राप्त होते ही होली के बाद उनका वितरण किया जाएगा।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, गौरव कुमार सिंह, प्रवेश कुमार, विनोद कुमार त्रिपाठी (अवर अभियंता), शेषनरायन मिश्र (वरिष्ठ सहायक), जमाल अहमद (प्रधान सहायक), सन्तोष कुमार, पंकज चौधरी, रमेश कुमार सिंह (बोरिंग टेक्नीशियन), अब्दुल खालिक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।







