सांसद जगदंबिका पाल बोले- सिर्फ धान नहीं, मोटे अनाज भी उगाएं
SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम और तिलहन मेले का आयोजन शुक्रवार को लोहिया कला भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह और सांसद डुमरियागंज प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
गोष्ठी का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान लोहिया कला भवन परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टालों का भी अवलोकन किया गया, जहां किसानों को कृषि से संबंधित नवीनतम जानकारियाँ दी गईं।
सांसद जगदंबिका पाल ने किसानों से किया आग्रह
अपने संबोधन में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि खरीफ के समय में धान के साथ-साथ मक्का, उड़द, तिल, बाजरा जैसे मोटे अनाज और तिलहन की खेती को भी शामिल करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के किसानों की आय दोगुनी करने और देश की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के संकल्प पर जोर दिया। सांसद ने बताया कि किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है ताकि वे वैज्ञानिक विधि से खेती कर अच्छी आय प्राप्त कर सकें। उन्होंने किसान सम्मान निधि योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से मिल रही धनराशि और दैवीय आपदा में फसल क्षतिपूर्ति के भुगतान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले हम अनाज आयात करते थे, आज निर्यात कर रहे हैं, जो किसानों की मेहनत का परिणाम है।
विधायक श्यामधनी राही ने की सराहना विधायक श्यामधनी राही ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि काला नमक चावल की खुशबू पूरे विश्व में फैल रही है। उन्होंने किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिलने और उन्नतशील बीज व तकनीक के प्रयोग से आय दोगुनी करने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने की भूजल संरक्षण की अपील जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सभी किसान भाइयों से कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग द्वारा बताए गए तरीकों को अपनाने की अपील की, जिससे अच्छी पैदावार प्राप्त होगी और आपकी आय भी दोगुनी होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण संबंधित विभाग के माध्यम से कराया जाएगा और सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जाएगा। जिलाधिकारी ने खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। उन्होंने किसानों को धान के साथ श्री अन्न (मोटे अनाज) की खेती करने की भी सलाह दी, जो स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। सीडीओ ने बताई भविष्य की योजनाएँ मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। कृषि गोष्ठी का आयोजन ब्लॉक स्तर एवं न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित कराया जा रहा है जिससे सभी किसानों को उन्नतशील बीजों, तकनीक, कृषि यंत्र एवं प्रबंधन के बारे में जानकारी हो सके। क्रेता विक्रेता सम्मेलन का आयोजन माह नवंबर 2025 में प्रस्तावित है। जिसमें किसानों को ब्रांडिंग, उत्पादन, निर्यात आदि के बारे में वैज्ञानिकों द्वारा जानकारी दिया जाएगा। भूजल सप्ताह चल रहा है जल संचयन करें। ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दें। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल और कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के वैज्ञानिकों द्वारा कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला कृषि अधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की कि उन्नतशील बीज का ही प्रयोग करें, रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग कम करें तथा जैविक उर्वरक का प्रयोग करें, जिससे पैदावार अच्छी हो तथा किसानों को अधिक लाभ मिल सके। सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह द्वारा नौगढ़, उसका बाजार, जोगिया, बर्डपुर विकासखंड के 05-05 किसानों को ‘श्री अन्न’ का मिनी किट वितरित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर अपने विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल, जिला उद्यान अधिकारी नन्हेलाल वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गनेश प्रसाद, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दूबे, कृषि वैज्ञानिक, अन्य अधिकारीगण व किसानों की उपस्थिति रही।







