Home इटावा किसान यूरिया, खाद, बिजली और पानी के लिए परेशान:कांग्रेस

किसान यूरिया, खाद, बिजली और पानी के लिए परेशान:कांग्रेस

ETAWA NEWS: प्रदेश में खरीफ की फसलों की बुवाई के बीच किसान यूरिया, खाद, बिजली और पानी के लिए परेशान हैं। इन समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी इटावा के पूर्व अध्यक्ष मलखान सिंह यादव व प्रदेश कार्य समिति के सदस्य आलोक यादव की संयुक्त अगुवाई में एक ज्ञापन महामहिम राज्यपाल को भेजा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि खरीफ की फसल के लिए महंगा यूरिया और खाद भी मुश्किल से उपलब्ध है। पर्याप्त पानी और सिंचाई की व्यवस्था नहीं है। सरकारी नियंत्रण में खाद की कालाबाजारी खुलेआम हो रही है। भाजपा सरकार ने चुनाव में किसानों को मुफ्त बिजली और पानी देने का वादा किया था, लेकिन वह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ, जिससे किसानों में आक्रोश है। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में मांग की है कि सरकार तत्काल किसानों को जरूरी संसाधन मुहैया कराए ताकि बुवाई का काम प्रभावित न हो। साथ ही कालाबाजारी रोकने और सस्ती दर पर खाद-पानी उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। चेतावनी दी है कि अगर जल्द हालात नहीं सुधरे तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष सिद्धनाथ यादव, राहुल दीक्षित, राम सुन्दर,  सतीश शाक्य, अनुराग, आजाद खां, लालमन बाथम, सचिन शंखवार, कु नीरज, विक्रम सिंह, तुलसीदास शुक्ला, राम जीवन कुशवाह, सरवर अली के साथ कई स्थानीय किसान नेता व कार्यकर्ता भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का मुफ्त बिजली का वादा झूठा साबित हुआ है और किसान बिजली बिल और महंगी खाद की दोहरी मार झेलने को मजबूर हैं।