BHADOHI NEWS: जिला सूचना कार्यालय, भदोही में कार्यालय के वाहन चालक के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर एक भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित कार्यालय के कर्मचारियों मानवेंद्र कुमार, आकाश कुमार, गुलब्धार यादव एवं राजकुमार ने सेवानिवृत्त वाहन चालक को माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। अपने संबोधन में जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन की एक स्वाभाविक एवं अनिवार्य प्रक्रिया है। जिस प्रकार जन्म के साथ ही जीवन का प्रत्येक चरण निर्धारित होता है, उसी प्रकार सेवानिवृत्ति भी सेवा जीवन का एक निश्चित पड़ाव है। उन्होंने कहा कि सेवा काल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान होता है। उन्होंने सेवानिवृत्त वाहन चालक के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। समारोह के अंत में सभी कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त वाहन चालक के प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनके जीवन के नए अध्याय के लिए मंगलकामनाएँ दीं।







