गंगा घाट की ओर जाने वाले हर मार्ग पर दिखाई पड़ रहा था सिर्फ व सिर्फ नर-नारियों का समूह
BHADOHI NEWS: कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को गोपीगंज के एतिहासिक रामपुर गंगा घाट सहित आस-पास के अन्य घाटों पर आस्था की भीड़ उमड़ी। लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की गंगा में डुबकी लगाई। कई वर्षों के बाद इस बार बन रहे विशेष संयोग मे महाकार्तिक के रुप में स्नान व पूजा-पाठ अत्यधिक फलदायी होने के चलते गंगा में डुबकी लगाने के लिए आस्था का सैलाब बनकर उमड़ पड़ा। गंगा घाट की ओर जाने वाले हर मार्ग पर नर-नारियों का समूह दिखाई पड़ा। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जल पुलिस के साथ मौजूद अधिकारी सतर्कता पूर्वक निगरानी मे लगे रहे। कार्तिक में पूरे माह तक चले स्नान दान के साथ जनपद के सबसे बडे़ स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा मे डुबकी लगाने के लिए वैसे तो मंगलवार की शाम से ही दूरदराज के लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। भोर से पुण्य की डुबकी लगाने के लिए निकली आस्थावानों की भीड़ बढती ही गई। समय की गति के साथ बढी भीड़ से गंगा घाट की ओर जाने वाला हर मार्ग श्रद्धालुओ से भर गया। शाम तक चले स्नान-दान में लाखों की संख्या मे लोगों ने डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। स्नान पर्व के अवसर पर गोपीगंज नगर से लेकर रामपुर घाट तक सड़क के दोनों तरफ दौरी, सूप, चलनी, मूसल, कराही आदि के साथ मिठाई, फल, खिलौने व खानपान की दुकानों पर स्नान कर लौट रहीं महिलाओं ने घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी भी की। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए नाव पर जहां जल पुलिस की व्यवस्था की गई थी। वही प्रशासनिक अधिकारियों सहित प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह मय फोर्स पुलिस व पीएसी के साथ निगरानी मे लगे रहे। इसी प्रकार अन्य घाटों गुलौरी घाट, चर्तुमुखी, ज्ञानानंद जहांगीराबाद, डेरवां-भवानीपुर, बेरासपुर, बिहरोजपुर आदि घाटों पर भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई।







