Home आस्था कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सहारनपुर पुलिस द्वारा समस्त कांवड़...

कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सहारनपुर पुलिस द्वारा समस्त कांवड़ मार्गों की ड्रोन कैमरों से की जा रही है सतत निगरानी

SAHARANPUR NEWS: आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में जनपद के समस्त प्रमुख कांवड़ मार्गों, संवेदनशील स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों एवं शिविर स्थलों पर अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों के माध्यम से निरंतर हवाई निगरानी की जा रही है। ड्रोन कैमरों से प्राप्त लाइव फीड का पुलिस कंट्रोल रूम एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार अवलोकन किया जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, भीड़ का अत्यधिक दबाव, यातायात अवरोध अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक पुलिस बल को मौके पर भेजकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके । ड्रोन निगरानी के माध्यम से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, पुलिस पिकेटों, मोबाइल गश्त, क्यूआरटी, यातायात पुलिस तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के माध्यम से भी निरंतर निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है । सहारनपुर पुलिस जनपदवासियों एवं समस्त कांवड़ श्रद्धालुओं से अपील करती है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें । सहारनपुर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्यरत है।