Home आस्था काँवड़ यात्रा में बाधा डालने पर गौ रक्षा दल ने की कड़ी...

काँवड़ यात्रा में बाधा डालने पर गौ रक्षा दल ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

SAHARANPUR NEWS: थाना चिलकाना क्षेत्र में डाक काँवड़ यात्रा को रोकने के प्रयास से गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी विनोद कुमार से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हरीश पंवार ने कहा कि “काँवड़ यात्रा हमारी आस्था का प्रतीक है। यात्रा में बाधा डालना किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन दोषियों के खिलाफ तुरंत कठोर कार्रवाई करे ताकि श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत न हों।”शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जौधेबांस गांव से लगभग 20 काँवड़िये डाक काँवड़ लेकर ट्रैक्टर-ट्राली से हरिद्वार जा रहे थे। 8 अगस्त को दोपहर 1 बजे तिड़फुआ गांव के पास कुछ लोगों ने यात्रा को रोककर डीजे बंद करवाने का प्रयास किया और चालक से अभद्रता की। काफी प्रयास के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काँवड़ यात्रा को सकुशल आगे बढ़ाया जा सका। शिकायत के साथ घटना का वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।