Home उत्तर प्रदेश कपड़े के शोरूम में आग ने मचाया तांडव, लाखों का सामान जलकर...

कपड़े के शोरूम में आग ने मचाया तांडव, लाखों का सामान जलकर हुआ राख

MIRZAPUR NEWS: (तारिक अनवर) शहर कोतवाली क्षेत्र के धुंधी कटरा स्थित एक पुराने कपड़ा शोरूम में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मिली जानकारी के अनुसार, धुंधी कटरा बजाज स्कूल के बगल स्थित अंब्रेला वस्त्रालय कपड़ा एवं जूते की दुकान में सुबह करीब 7 बजे आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे प्रतिष्ठान से धुएं का गुबार उठने लगा, आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस प्रशासन के सहयोग से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बुझाने में लगी फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों का पानी भी खत्म हो गया था। बाद में अतिरिक्त प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया तथा मंत्री प्रभारी, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से घटना की जानकारी दी गई। दुकान मालिक पीड़ित अरुण शांतुवाला ने बताया कि बुधवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। गुरुवार सुबह परिवार में एक व्यक्ति के निधन के कारण सभी लोग अंतिम संस्कार में गए हुए थे, तभी पड़ोसियों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली शहर पुलिस एवं फायर टेंडर तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना किसी जनहानि के आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के मुताबिक इस घटना में इमरान अहमद की जूता-चप्पल, शैलेंद्र सोने तथा गणेश शांतनु की रेडीमेड कपड़ों की दुकानों का सामान जल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अंब्रेला वस्त्रालय के मालिक और विजय जैन के बीच जमीन विवाद का मामला भी पूर्व से चल रहा था। फिलहाल पुलिस एवं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।