JAUNPUR NEWS: जनपद में चल रहे फसल कटाई (क्रॉप कटिंग) कार्यों की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील सदर के ग्राम महरूपुर में कृषक हरिश चन्द्र के रेंडम चयनित गाटा संख्या 1798 पर गेहूं फसल की कटाई प्रयोग प्रक्रिया को उन्होंने बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान सीसीई एग्री एप के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से फसल कटाई कराई गई। निर्धारित मानक के अनुसार 10×10×10 मीटर के समबाहु त्रिभुज के तहत 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र में कटाई की गई, जिसमें कुल 18 किलो 320 ग्राम गेहूं प्राप्त हुआ। इस आधार पर गेहूं की उत्पादकता 42.30 कुंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि फसल कटाई प्रयोग पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रॉप कटिंग के आंकड़े सीधे तौर पर किसानों के हितों और बीमा दावों से जुड़े होते हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. रमेश चंद्र यादव, तहसीलदार सौरभ कुमार, सांख्यिकी विभाग के सुरेन्द्र प्रताप सिंह, लेखपाल शिखा शुक्ला, बीमा प्रतिनिधि राकेश गुप्ता समेत अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।







