Home उत्तर प्रदेश कंधों पर बस्ते, होंठों पर नारे… शिक्षा की अलख जगाने गांव में...

कंधों पर बस्ते, होंठों पर नारे… शिक्षा की अलख जगाने गांव में उतरे नन्हे कदम

हिसामपुर परसखी में निकली स्कूल चलो अभियान रैली, रोली-चंदन लगाकर बच्चों का किया स्वागत
KAUSHAMBI NEWS: जनपद में संचालित परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार को विकास खंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामवासियों ने गांव की गलियों में भ्रमण कर शिक्षा का संदेश दिया व  शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति के लिए लोगों को प्रेरित किया। रैली निकालने से पूर्व विद्यालय पहुंचे सभी बच्चों का शिक्षकों ने रोली-चंदन का टीका लगाकर और पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया। शिक्षकों ने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अन्य बच्चों को भी स्कूल से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और बच्चों के चेहरों पर विशेष खुशी झलक रही थी। प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू के नेतृत्व में निकली रैली में बच्चों ने हाथों में रंग-बिरंगे बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली गांव की प्रमुख गलियों से होकर गुजरी, जहां शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया और छह वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और पहले से नामांकित बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। रैली के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ शिक्षा से जुड़े आकर्षक नारे लगाए, जिससे पूरे गांव में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला। बच्चों की आवाज में गूंजे ये स्लोगन लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे— “हर घर का यह है अरमान, पढ़-लिखकर बने महान”, “स्कूल चलें हम, सपनों को सच करें हम”, “ज्ञान का दीप जलाना है, हर बच्चे को स्कूल लाना है” और “नन्हे कदम बढ़ाएंगे, स्कूल रोज हम जाएंगे”।प्रधानाध्यापक ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए विद्यालय परिवार लगातार अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। रैली में ग्राम प्रधान शिव प्रताप सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेंद्र कुमार, शिक्षिका माया सिंह, रिया सेठी, शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार व संध्या देवी पटेल सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी बच्चों की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।