Home उत्तर प्रदेश ऐरायाँ ब्लॉक में शिक्षा सुधार को लेकर बड़ी पहल, एसएमसी पदाधिकारियों का...

ऐरायाँ ब्लॉक में शिक्षा सुधार को लेकर बड़ी पहल, एसएमसी पदाधिकारियों का उन्मुखीकरण

परिषदीय विद्यालयों में नामांकन व नियमित उपस्थिति पर दिया गया जोर
बेसिक शिक्षा के उत्थान को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
FATEHPUR NEWS: खागा के जीटी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार को ऐरायाँ ब्लॉक के सभी परिषदीय विद्यालयों की स्कूल प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्षों एवं सचिवों का एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेसिक शिक्षा के समग्र उत्थान, विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार तथा बच्चों के नामांकन, ठहराव और नियमित उपस्थिति को सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा की मजबूत नींव ही समाज और राष्ट्र के विकास का आधार होती है। इस दिशा में एसएमसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों को सशक्त बनाकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाया जा सकता है। एसएमसी अध्यक्षों ने आश्वासन दिया कि वे अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने, ड्रॉपआउट दर को कम करने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, उनके लिए अनुकूल वातावरण और विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान संदर्भदाता दिलीप सिंह, नवनीत सोनी, प्रेमप्रकाश सिंह एवं सुबोध कुमार ने विद्यालय प्रबंधन, शैक्षिक गुणवत्ता सुधार, नवाचार और बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों, अभिभावकों और समुदाय के सामूहिक प्रयास से ही बेसिक शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी रत्नामणि मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक (पदेन सचिव), एसएमसी अध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री एवं ब्लॉक अध्यक्ष विजय त्रिपाठी, आनंद कुमार मिश्र, विनोद कुमार, कमलेश सिंह, अमृतलाल, संदीप तिवारी, लाल चंद्र मौर्य सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बेसिक शिक्षा के उत्थान, विद्यालयों की गुणवत्ता सुधार और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।