Home उत्तर प्रदेश एसपी ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, पुलिस लाइन का किया निरीक्षण

एसपी ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, पुलिस लाइन का किया निरीक्षण

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। परेड में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी, यातायात शाखा तथा पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हुए। पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए दौड़ कराई गई। इसके बाद टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। एसपी ने अनुशासन और परेड में एकरूपता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को ड्रिल को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित परिवहन शाखा और पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की स्थिति और रखरखाव की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद साप्ताहिक अर्दली रूम के दौरान विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण किया गया। एसपी ने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और आवश्यक कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।