Home उत्तर प्रदेश एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट...

एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

भाजपा सरकार अपनी नाकामियां छुपाने के लिए कर रही पुलिस का दुरुपयोग : डॉ. प्रमोद कुमार

JAUNPUR NEWS: बनारस में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं पर की गई कथित बर्बरतापूर्ण पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेसियों का आरोप है कि एसआईआर, वोट चोरी और मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में एनएसयूआइ द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जबरन लाठीचार्ज किया तथा एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के खिलाफ अमानवीय कार्रवाई की गई। इससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह निरंकुश और तानाशाही रवैया अपना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कांग्रेस और एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं पर पुलिस का दुरुपयोग कर सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास कर रही है। डॉ. सिंह ने कहा कि मोदी और योगी सरकार की इस दमनकारी नीति के सामने कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और जनता के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा। डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर पुलिस भेजकर डराने-धमकाने का काम कर रही है। जौनपुर सहित प्रदेश के कई जनपदों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को झूठी कार्रवाई का भय दिखाया जा रहा है, ताकि सरकार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार की दमनात्मक नीतियों को समझ चुकी है। सरकारी संस्थाओं और पुलिस के दुरुपयोग की पोल खुल चुकी है। मनरेगा का नाम बदलने, वोट चोरी और एसआईआर के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश है। डरी हुई सरकार पुलिस के सहारे कांग्रेस के आंदोलनों को कुचलने का प्रयास कर रही है। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह,देव राज पांडेय, विनय तिवारी, मनरेगा कोऑर्डिनेटर डॉ. राकेश मिश्रा, मंगल गुरु, लाल प्रकाश पाल, प्रवक्ता अनिल दूबे आज़ाद, राकेश सिंह डब्बू, आरिफ सलमानी, इरशाद खान राजू, अरुण शुक्ला, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सोनकर, एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष सृजन सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संजय माली सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।