Home उत्तर प्रदेश एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ, सेवा भावना का लिया...

एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ, सेवा भावना का लिया संकल्प

FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ डॉ भीमराव आम्बेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय फतेहपुर में सोमवार को गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। यह शिविर 23 मार्च से 29 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रामसिंह पाल (पूर्व प्रधान गढ़ीवा), विशिष्ट अतिथि रेखा सरोज (आर.एस. फाउंडेशन) तथा ज्ञाना पासवान (नामित सभासद) व राजा अवस्थी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को ‘मैं नहीं, आप’ (Not Me, But You) के आदर्श वाक्य के साथ निस्वार्थ सेवा की शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने छात्राओं को समाज सेवा, वृक्षारोपण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि रामसिंह पाल ने छात्राओं के सात दिवसीय शिविर के दौरान गांव में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं रेखा सरोज ने छात्राओं से स्वयंसेवक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बृजेश कुमार पाल ने किया, जबकि डॉ. राज कुमार ने सहयोग प्रदान किया। अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने वर्षभर की भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रो. शकुन्तला, प्रो. प्रशांत द्विवेदी, डॉ. शरद चंद्र राय, डॉ. चारू मिश्रा, डॉ. रमेश सिंह, डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ. अनुष्का छौंकर सहित समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।