FATEHPUR NEWS: ऐरायां विकास खंड में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संजय कुमार श्रीवास्तव के सेवानिवृत हो जाने पर एडीओ पंचायत का कार्य भार ग्रहण करने वाले अर्पण अग्रवाल ने सभी सचिवों के साथ एक बैठक का आयोजन किया जिसमें विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इंचार्ज एडीओ पंचायत अर्पण अग्रवाल ने बताया कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए कराये जा रहे कार्यों में जो भी कार्य अधूरे पड़े हुए हैं उन सभी कार्यों को गुणवत्ता के आधार पर प्राथमिकता के साथ अतिशीघ्र पूरा करें जिससे ग्रामीणों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।उन्होंने आगे बताया कि कोई भी ग्राम पंचायत सचिव जन्म – मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में किसी तरह की कोई देरी न करें और बनाने के पहले जांच पड़ताल अवश्य करें ताकि आवेदनकर्ता को सही प्रमाण पत्र मिल सके। उन्होंने कहा कि शौचालय से संबंधित गांव से शिकायत नहीं आनी चाहिए इसके अलावा विकास के अन्य कार्यो को गंभीरता से लेते हुए कार्य का निपटारा करें। इस मौके पर ग्राम पंचायत सचिव अंकित सिंह, चंद्रभान, प्रशांत मौर्य, संजय कुमार भारती, संतोष सिंह, बिपिन कुमार तिवारी, कीर्ति सिंह सहित अन्य ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे हैं।







