Home उत्तर प्रदेश एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बड़ौरी टोल पर वन...

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बड़ौरी टोल पर वन महोत्सव का शुभारंभ, हुआ पौधारोपण

FATEHPUR NEWS: वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ बड़ौरी टोल प्लाजा पर पौधारोपण के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें मुंबई से आए मुख्य अतिथि प्रीतम सूर्यवंशी ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर प्रीतम सूर्यवंशी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वनों का संरक्षण और पौधारोपण ही सबसे बड़ा सामाजिक धर्म है। वृक्षारोपण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण के लिए इनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए त्रिवेणी संगम हाईवेज के वरिष्ठ अधिकारी अतुल यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण से वातावरण शुद्ध रहेगा, बीमारियों में कमी आएगी, स्वच्छ हवा मिलेगी और बढ़ती गर्मी के प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा। त्रिवेणी संगम हाईवेज के वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने बताया कि वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत 1 जुलाई से 7 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक छोटा-सा पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगा। कार्यक्रम में संदीप पांडेय, फैय्याज आलम, अभिषेक, पुष्पेंद्र सिंह सहित त्रिवेणी संगम हाईवेज के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।