Home उत्तर प्रदेश एक दिवसीय मानसिक रोग एवं बाल विकास पर प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ...

एक दिवसीय मानसिक रोग एवं बाल विकास पर प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आयोजन

KUSHINAGAR NEWS: मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कुशीनगर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षको के लिए एक दिवसीय  मानसिक रोग एवं बाल विकास पर प्रशिक्षण कार्यशाला का  आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम से योगिता कुशवाह मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता, अमृता कुमारी क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट ब्रिज किशोर मनोरोग नर्स, 24 विद्यालयों के अध्यापकों, मेडिकल कालेज कुशीनगर की आईसीटीसी परामर्शदाता खुशबू शुक्ला और पीपीटीसीटी परामर्शदाता विश्वजीत ओझा के द्वारा एड्स के विषय में जानकारी दी गई जागरूक किया गया। कार्यशाला के दौरान अमृता ( क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट)ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक रोगों की अनदेखी करना दीर्घकालिक समस्याओं को जन्म देता है। समय पर पहचान, उचित उपचार और सामुदायिक सहयोग से इन बीमारियों का सफलतापूर्वक इलाज संभव है। विशेष रूप से बाल विकासपर ध्यान केंद्रित करते हुए विशेषज्ञों ने अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों के विकास में भावनात्मक सहयोग, सकारात्मक पालन-पोषण और प्रारंभिक देखभाल के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने यह भी समझाया कि कैसे व्यवहार संबंधी समस्याओं, विकास में देरी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े संकेतों को समय रहते पहचाना जा सकता है। योगिता कुशवाहा ( साइकिएट्रिक सोशल वर्कर) ने मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक (स्टिग्मा) को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि समाज को इन रोगों को करुणा और संवेदनशीलता के साथ देखना चाहिए। मानसिक रोग उपचार योग्य हैं और सही परामर्श व परिवारिक सहयोग से रोगी पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। आवश्यकता पड़ने पर टेली मानस नंबर 14416 पर कॉल करके मदद मांग सकते है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी  ने कहा, मानसिक स्वास्थ्य एक स्वस्थ समाज की नींव है। यदि हम सामुदायिक स्तर पर जागरूकता फैला सकें, तो रोकथाम, प्रारंभिक देखभाल और पुनर्वास सभी को उपलब्ध कराया जा सकता है।मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ आर डी कुशवाह ने कहा कि इस प्रकार की ट्रेनिंग बहुत सहायक है जिससे बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं की पहचान हो सके एवं समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके। कार्यशाला का समापन प्रशस्ति पत्र वितरण के साथ किया गया ।