KUSHINAGAR NEWS: वृक्षारोपण महायज्ञ-2026″ के तहत शनिवार को जनपद में एक ही दिन में कुल 39 लाख 9 हजार पौधों का रोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। वन विभाग द्वारा 14 लाख और अन्य 23 विभागों द्वारा 25 लाख 9 हजार पौधे लगाए गए। इस अभियान के तहत कसया रेंज स्थित कुकुत्था नदी के समीप मधुरिया वन ब्लॉक में “विशिष्ट वन – अविरल धारा वन” की स्थापना भी की गई। यहां स्कूली बच्चों, एनसी कैडेटों, किसानों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से लगभग 17,500 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम और विशिष्ट अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे रहे। कार्यक्रम में विधायक पी.एन. पाठक, सुरेन्द्र कुशवाहा, श्री विनय प्रकाश गौड़, बीज निगम उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। राज्यमंत्री गौतम ने सीता अशोक और आर्वेला के पौधे लगाए। उन्होंने कहा _”आज लगाए जा रहे पौधे आने वाली तीन पीढ़ियों को प्राणवायु देंगे। इसलिए अधिक से अधिक पौधरोपण समय की मांग है।” सांसद दुबे ने नीम का पौधा लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आह्वान पर “एक पेड़ माँ के नाम” को जन-आंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए नीम का पौधा सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय से नामित नोडल विजय लक्ष्मी गौतम और शासन स्तर से नामित नोडल अपर मंडलायुक्त अजय राय ने “अविरल धारा वन” की स्थापना और वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, डीएफओ वरुण सिंह सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का स्वागत डीएफओ वरुण सिंह ने किया और आभार ज्ञापित किया।







