Home उत्तर प्रदेश उद्योग बंधु समिति की बैठक में डीएम सख्त, लंबित आवेदनों के शीघ्र...

उद्योग बंधु समिति की बैठक में डीएम सख्त, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निवेश, स्वरोजगार, औद्योगिक विकास और उद्यमियों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने पोर्टल पर प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को शीघ्र स्वीकृति देकर ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपायुक्त उद्योग को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत कराने और लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में उद्यमियों ने कैंची मोड़ सर्विस लेन को यूपीसीडा मलवा की सर्विस लेन से जोड़ने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं औद्योगिक क्षेत्र मलवा के प्लॉट संख्या-7 के सीमांकन की मांग पर ड्रोन सर्वे के माध्यम से सीमांकन कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में “एक जनपद, एक व्यंजन” योजना के तहत फतेहपुर के लिए पेड़ा, सूतफेनी और बेदमी-पूड़ी सब्जी का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। योजना के सलाहकार ने इन पारंपरिक व्यंजनों के उत्पादन, ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को खाद्य उत्पादों से जुड़े उद्यमियों के साथ विशेष कार्यशाला आयोजित कर उन्हें आधुनिक तकनीक, पैकेजिंग और विपणन की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध खाली भूखंडों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि नए उद्योग स्थापित हों और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उपायुक्त उद्योग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, ईओ सदर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के उद्यमी उपस्थित रहे।