Home उत्तर प्रदेश उद्योग बंधु बैठक में डीएम सख्त, निवेश मित्र के लंबित मामलों पर...

उद्योग बंधु बैठक में डीएम सख्त, निवेश मित्र के लंबित मामलों पर चेतावनी

ऋण वितरण में तेजी लाने और एमओयू के तहत उद्योग स्थापना में सहयोग के निर्देश

FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में गुरुवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, स्वरोजगार योजनाओं और जनपद में प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों की अद्यतन स्थिति की सही जानकारी उपलब्ध न होने पर नाराजगी जताते हुए उद्यमी मित्र को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेशकों और उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा सीएम युवा विकास योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन आवेदनों में बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत किया जा चुका है, उनका वितरण शीघ्र कराया जाए। साथ ही लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जनपद में हुए एमओयू के सापेक्ष इकाइयों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए। इसमें यह स्पष्ट किया जाए कि कितनी इकाइयां जमीन पर उतर चुकी हैं, कितनी उत्पादन के लिए तैयार हैं और उत्पादन शुरू होने में कितना समय लगेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योग स्थापित करने के लिए किए गए एमओयू के तहत संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उद्यमियों को हर संभव सहयोग प्रदान करना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बैठक में उद्यमियों ने मलवा रेलवे स्टेशन से रैक प्वाइंट तक जाने वाली सड़क की खराब स्थिति तथा ग्राम चौफेरवा से मिश्रामऊ तक सड़क चौड़ीकरण व डामरीकरण की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि इन कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उप जिलाधिकारी सदर, सीएफओ, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीडब्ल्यूडी, सहायक श्रमायुक्त, ईओ सदर सहित उद्यमी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।