Home उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश टैलेंट ओलंपियाड 12 अक्टूबर को चार जिलों में एक साथ...

उत्तर प्रदेश टैलेंट ओलंपियाड 12 अक्टूबर को चार जिलों में एक साथ होगा आयोजित

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख)  सर्व शिक्षा सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को “उत्तर प्रदेश टैलेंट ओलंपियाड” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के चार जिलों — लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर में एक साथ, एक ही समय पर संपन्न होगी। यह ओलंपियाड कक्षा 5वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागी विभिन्न विषयों में अपनी योग्यता और प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में शैक्षणिक जागरूकता बढ़ाना, प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना और उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाना है।आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है। छात्र ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
सर्व शिक्षा सेवा समिति के प्रवक्ता पवन कुमार मौर्य ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी कक्षाओं के प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, संस्था ने कक्षा 12वीं (बायो ग्रुप) के प्रतिभावान छात्रों के लिए एक विशेष योजना की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले से 12वीं बायोलॉजी समूह के 10 छात्रों का चयन किया जाएगा, जिन्हें समिति द्वारा मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी हेतु एक वर्ष की निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इन छात्रों को अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और सभी आवश्यक सुविधाएँ संस्था की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।  मौर्य ने बताया कि यह योजना खासकर उन छात्रों के लिए लाभकारी होगी जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं लेकिन डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं। संस्था का उद्देश्य ऐसे होनहार विद्यार्थियों को न केवल पहचान दिलाना है, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुँचाने में हर संभव सहायता भी करना है।ऑनलाइन आवेदन व अधिक जानकारी के लिए छात्र संस्था की आधिकारिक वेबसाइट पर विज़िट कर सकते हैं।