FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक सुरक्षा निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत किए गए इस निरीक्षण में वेयरहाउस की बाह्य सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली एवं सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को कैमरों की नियमित जांच एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया। निरीक्षण में बताया गया कि ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए कुल 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी कैमरे पूर्ण रूप से क्रियाशील पाए गए। जिलाधिकारी ने डीवीआर में उपलब्ध स्टोरेज क्षमता का भी निरीक्षण किया, जिसमें 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित पाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा सभी व्यवस्थाओं को हमेशा चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय सहित जिला निर्वाचन कार्यालय का संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा।







