PRATAPGARH NEWS: बेखौफ बदमाशों ने कोतवाली की नाक के नीचे गुरूवार की रात दो ईरिक्शा की लाखों की कीमती बैटरी पर हाथ साफ कर दिया। कस्बे में चोरी की घटना की जानकारी के बावजूद इलाकाई पुलिस का घटनास्थल पर न पहुंचना लोगों में आक्रोश भी लिए दिखा। नगर पंचायत के सरस्वती विद्या मंदिर मार्ग निवासी विनोद कुमार सोनी पुत्र अमरनाथ सोनी तथा यज्ञ नारायण सोनी पुत्र राम सुन्दर ने ई रिक्शा ले रखा है। पीड़ितों के मुताबिक रोज की तरह ईरिक्शा दरवाजों पर खड़ा किया था। देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा दोनों ईरिक्शा से चार बैटरी खोलकर उठा ले गये। शुक्रवार की सुबह चोरी की घटना सुनकर आसपास के लोग इकटठा हो गये। लोगों में यह चर्चा भी रही कि गुरूवार की देर शाम तक पुलिस ने विद्या मंदिर पुल पर चेकिंग भी लगा रखी थी। इसके बावजूद आखिर बदमाशों ने पुलिस की चेकिंग की हवा निकाल ही दी। पीड़ितों ने घटना के बाबत लालगंज पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस का कहना है कि जांच कर शीघ्र खुलासा किया जाएगा।







