नमाज के बाद एकता और भाईचारे का संदेश, अमन-शांति की दुआ में शामिल हुए लोग
PRAYAGRAJ /SONBADHR NEWS: ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज में नमाज के बाद एक भव्य सौहार्द कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और शहर के गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर जिले में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की। कार्यक्रम के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली, जहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए। कार्यक्रम में अल ईमान फाउंडेशन के सदर हाजी सलीम हुसैन, सदर मुश्ताक अहमद खान, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा तथा पूर्व सदर अजहर खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समाज में एकता, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। अल ईमान फाउंडेशन के सदर हाजी सलीम हुसैन ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का पर्व है। उन्होंने कहा कि अल ईमान फाउंडेशन समाज के हर वर्ग की सेवा और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने सोनभद्र की एकता को जिले की सबसे बड़ी ताकत बताया। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि त्योहारों का असली उद्देश्य लोगों के दिलों को जोड़ना होता है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की गंगा-जमुनी तहजीब पूरे प्रदेश के लिए मिसाल है और इसे हर हाल में कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है। सदर मुश्ताक अहमद खान ने अपने संबोधन में गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद पर जोर देते हुए कहा कि कुर्बानी का वास्तविक अर्थ अपनी खुशियों में दूसरों को शामिल करना है। वहीं पूर्व सदर अजहर खान ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी समुदायों का एक साथ त्योहार मनाना सोनभद्र की खूबसूरती है। कार्यक्रम के अंत में देश और प्रदेश में अमन-शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक दुआ की गई। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
Home उत्तर प्रदेश ईद-उल-अजहा पर सोनभद्र में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, सौहार्द कार्यक्रम में जुटे गणमान्य







