Home उत्तर प्रदेश इफको किसान सेवा केंद्र में खाद के साथ दवा देने को लेकर...

इफको किसान सेवा केंद्र में खाद के साथ दवा देने को लेकर विवाद, वीडियो वायरल

FATEHPUR NEWS: बिन्दकी क्षेत्र के कुंवरपुर रोड स्थित मंडी समिति के पास इफको किसान सेवा केंद्र में डीएपी खाद के साथ कथित रूप से दवा लेने के दबाव को लेकर किसानों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। नाराज किसानों ने दवा लेने से इनकार कर दिया और बहस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ किसानों का आरोप था कि डीएपी खाद के साथ 225 रुपये की दवा अनिवार्य रूप से दी जा रही थी, जबकि वे केवल खाद लेना चाहते थे। किसानों ने यह भी कहा कि दवा की रसीद हाथ से लिखी हुई दी गई। वीडियो में कर्मचारियों और किसानों के बीच लगभग छह मिनट तक बहस होती दिखाई दे रही है। बाद में एक कर्मचारी द्वारा दवा के नाम पर लिए गए 225 रुपये वापस किए जाने के बाद मामला शांत हुआ और किसानों को केवल खाद उपलब्ध कराई गई। किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर पहले भी खाद वितरण को लेकर अव्यवस्था की शिकायतें रही हैं और लंबी कतारों के बावजूद पर्याप्त खाद नहीं मिल पाती। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर किसानों ने जांच की मांग की है कि यदि खाद के साथ किसी उत्पाद की अनिवार्यता का कोई नियम नहीं है तो इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए तथा संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।