Home उत्तर प्रदेश इन्फ्लुएन्जा-ए एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमओ ने जारी की एडवाइजरी

इन्फ्लुएन्जा-ए एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमओ ने जारी की एडवाइजरी

बुखार, खांसी और गले में खराश समेत ये हैं प्रमुख लक्षण, उच्च जोखिम वाले लोगों को विशेष सावधानी की सलाह

AURAIYA NEWS: इन्फ्लुएन्जा-ए एच1एन1 वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि यह संक्रमण खांसी और छींक के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों के माध्यम से तेजी से फैलता है और श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है। संक्रमण के संपर्क में आने वाले लोगों में इसका प्रसार शीघ्र हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, नाक बहना, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, ठंड लगना और आंखों में लालिमा शामिल हैं। फेफड़े, हृदय, यकृत, गुर्दे की बीमारी, मधुमेह, रक्त एवं तंत्रिका संबंधी रोग, कैंसर से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्भवती महिलाएं, व 65 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग, एचआईवी/एड्स से पीड़ित तथा कम प्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्ति भी उच्च जोखिम समूह में शामिल हैं। सीएमओ ने बताया कि हल्के लक्षण वाले सामान्य मरीजों को घर पर रहकर आराम करने और लक्षण के अनुसार उपचार लेने की सलाह दी गई है। ऐसे लोगों को परिवार के सदस्यों और विशेषकर उच्च जोखिम वाले लोगों के संपर्क में आने से बचना चाहिए। बचाव के लिए खांसते-छींकते समय रूमाल या कपड़े का इस्तेमाल करने, हाथों को साबुन से नियमित धोने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने की सलाह दी गई है। भोजन से पहले हाथ धोने तथा अनावश्यक रूप से हाथ मिलाने से बचने की भी अपील की गई है।