Home इटावा इटावा शहर को जाम और अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग:प्रशांत तिवारी

इटावा शहर को जाम और अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग:प्रशांत तिवारी

ETAWA NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रशांत तिवारी ने आज सिटी मजिस्ट्रेट अधिकारी से भेंट कर शहर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इटावा शहर में फुटपाथों पर भारी अतिक्रमण हो रहा है, जिससे आमजन के लिए पैदल चलना और दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 से 2 बजे तक शास्त्री चौराहा से लेकर बस स्टैंड तक जाम की गंभीर समस्या बनी रहती है। जबकि बड़ा बस स्टैंड मौजूद होने के बावजूद बसों को सड़क पर खड़ा करके यात्रियों को बैठाया जाता है, जिससे यातायात और बाधित होता है। प्रशांत तिवारी ने कहा कि बस स्टैंड तिराहा से लेकर शास्त्री चौराहे तक ई-रिक्शा और ऑटो सबसे ज्यादा जाम की स्थिति पैदा करते हैं, इसलिए इनके लिए एक निर्धारित रूट तय होना चाहिए। साथ ही रामनगर फाटक का पुल बंद होने से फारुखाबाद फाटक पर बने ओवरब्रिज पर लगातार दबाव रहता है, जिसके कारण भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
उन्होंने हाल ही में सेंट मैरी स्कूल की छात्रा के सड़क हादसे में निधन का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रशांत तिवारी ने सिटी मजिस्ट्रेट अधिकारी से अनुरोध किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और जाम मुक्त कराने की दिशा में सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।