एसएसबी महानिदेशक की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक, स्थायी चेक पोस्ट व स्मार्ट पेट्रोलिंग पर जोर
SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल की संवेदनशील सीमा को और अधिक सुरक्षित व अभेद्य बनाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नया सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया है। शनिवार को सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित उच्च स्तरीय ‘सैनिक सम्मेलन’ में एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंघल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक से पहले उन्होंने अधिकारियों के साथ इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पैदल गश्त कर स्थलीय निरीक्षण भी किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। बैठक में सीमा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने, जांच प्रणाली को पारदर्शी करने तथा तकनीकी निगरानी बढ़ाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर सहमति बनी। डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र मुन्ना सिंह ने बताया कि सीमा सुरक्षा के दूसरे चरण की शुरुआत की जा रही है, जिसके तहत सीमाई मार्गों पर स्थायी चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि आवागमन करने वालों की सघन जांच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों और जाली नोटों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड (केनल) की क्षमता बढ़ाई जा रही है, जिसमें दो अतिरिक्त प्रशिक्षित स्वान तैनात किए जाएंगे। साथ ही ‘डाइल्यूटेड’ बॉर्डर की चुनौतियों से निपटने के लिए बॉर्डर इंट्रैक्शन टीम को और अधिक सक्रिय किया जाएगा।
इस दौरान आईजी (एसएसबी) लखनऊ रतन संजय, कमांडेंट (50वीं वाहिनी) संजय कुमार, कमांडेंट (43वीं वाहिनी) उज्ज्वल दत्ता, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी एवं नेपाल पुलिस के डीएसपी मोहन केसी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सहायक कमांडेंट संजय केपी, इंस्पेक्टर विनीत मान, पीआरओ नारायणलाल श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष ढेबरुआ दुर्गा प्रसाद और चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर एसएसबी और यूपी पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। बैठक में मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कड़ी कार्रवाई पर जोर दिया गया। डीआईजी मुन्ना सिंह ने कहा कि सुपरविजन, अपग्रेडेशन और जांच व्यवस्था को इतना मजबूत किया जा रहा है कि सीमा से होने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दूसरे चरण में तकनीकी निगरानी और स्मार्ट पेट्रोलिंग पर विशेष फोकस रहेगा।








