Home उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

राजकीय पॉलीटेक्निक परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
FATEHPUR NEWS: आगामी 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को राजकीय पॉलीटेक्निक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वारों की स्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।