सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग
BHADOHI NEWS: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) भदोही के बैनर तले मंगलवार को ग्राम पट्टी बेजांव में एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “आधुनिक भारत में नेहरू का योगदान” रखा गया। जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में जागरूकता और इतिहास के प्रति समझ विकसित करने का कार्य करती हैं। वहीं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शक्ति मिश्र ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, जिससे उनकी बौद्धिक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 9 अप्रैल को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संगठन त्रिलोकीनाथ बिंद, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश चैहान, ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पाल, धीरज पाल व विशाल गौतम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







