Home उत्तर प्रदेश आठ बकरियां चोरी, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

आठ बकरियां चोरी, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

तीन पशुपालकों को बनाया निशाना, पुलिस ने शुरू की जांच
FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के सेलावन गांव में शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने तीन पशुपालकों की कुल आठ बकरियां चोरी कर लीं। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ितों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बकरियों का कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के सेलावन गांव निवासी राजू पुत्र रामकिशोर की दो बकरियां, कमलेश पुत्र रामस्वरूप की चार बकरियां तथा सूबेदार पुत्र मुज्जन की दो बकरियां अज्ञात चोर रात के अंधेरे में चोरी कर ले गए। रविवार सुबह करीब पांच बजे पशुपालकों को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और आसपास के क्षेत्रों में बकरियों की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पशुपालकों ने आशंका जताई कि चोर पहले से रेकी कर घटना को अंजाम देने पहुंचे थे। पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल की जानकारी जुटाते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।