Home आस्था आज पहुंचेगे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, दो दिवसीय धर्म यात्रा को...

आज पहुंचेगे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, दो दिवसीय धर्म यात्रा को लेकर तैयारियां तेज

सुजानपुर में ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की अगुवाई में होगा भव्य स्वागत

जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत, बिंदकी ज्वाला जी मंदिर में धर्मसभा होगी मुख्य आकर्षण
FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर की पावन धरती पर 27 मई बुधवार को ज्योतिर्मठ के परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का ‘गविष्ठ यात्रा’ के अंतर्गत ऐतिहासिक आगमन होने जा रहा है। दो दिवसीय धर्म यात्रा को लेकर जिलेभर में श्रद्धालुओं और सनातन धर्मावलंबियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यात्रा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्धारित स्थलों से होकर गुजरेगी, जहां श्रद्धालु महाराज श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। ब्लॉक बहुआ के ग्राम पंचायत सुजानपुर में यात्रा का विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यहां यात्रा की स्वागताध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की अगुवाई में सुबह लगभग 10:30 बजे महाराज श्री का भव्य स्वागत, आरती एवं अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, मातृशक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। स्वागत कार्यक्रम में यात्रा जिला प्रभारी शिवाकांत तिवारी भी मौजूद रहेंगे। यात्रा के प्रथम दिन 27 मई को सुबह 10 बजे मुत्तौर से शुरुआत होगी और बहुआ, सुजानपुर, गाजीपुर, बौवारा, सरकी, जागेश्वर मंदिर, अशोथर, नरैनी, विजईपुर चौराहा, शिवपुर, त्रिलोचनपुर व खागा होते हुए शाम चार बजे सवंत पहुंचेगी, जहां रात्रि धर्मसभा एवं विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है। दूसरे दिन 28 मई को हनुमान मंदिर पूजन के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ होगी और थरियांव, लोधीगंज, ज्वालागंज व कलेक्ट्रेट मार्ग से होते हुए दोपहर एक बजे सिद्धपीठ ज्वाला जी मंदिर, बिंदकी पहुंचेगी। यहां विशाल धर्मसभा एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद यात्रा ललौली चौराहा और शहीद स्थल बावन इमली में श्रद्धांजलि अर्पित कर हमीरपुर के लिए रवाना होगी। ग्राम प्रधान एवं स्वागताध्यक्ष हेमलता पटेल ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह जनपद के लिए आध्यात्मिक और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर महाराज श्री के दर्शन, धर्मसभा और आशीर्वचन का लाभ लेने की अपील की है।