KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड सिराथू के कंपोजिट विद्यालय मलाकसद्दी में आधुनिक तकनीक के जरिए बच्चों की शिक्षा को नई दिशा दी जा रही है। विद्यालय में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित शिक्षण व्यवस्था से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में रुचि लगातार बढ़ रही है। स्मार्ट क्लास, प्रोजेक्टर और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से बच्चों को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाया जा रहा है, जिससे कक्षा का माहौल पूरी तरह बदल गया है। विद्यालय में शिक्षक अब कठिन विषयों को वीडियो, चित्र, एनिमेशन और गतिविधियों के जरिए समझा रहे हैं। इससे बच्चों को विषयों को समझने में आसानी हो रही है और उनका अधिगम अधिक प्रभावी बन रहा है। बच्चे अब केवल किताबों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि तकनीक के माध्यम से सीखने और समझने का नया अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। आईसीटी आधारित शिक्षा के कारण छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास और सहभागिता भी बढ़ी है। बच्चे कक्षा में सवाल पूछने, समूह में कार्य करने और अपनी बात रखने में अधिक सक्रिय नजर आ रहे हैं। तकनीक के प्रयोग से उनकी तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच का भी विकास हो रहा है। विद्यालय में डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षक भास्कर मिश्रा की अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है जिसका परिणाम रहा कि राष्ट्रीय अविष्कार मॉडल प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र अजय कुमार का चयन हुआ है। शिक्षक का कहना है कि पढ़ाई तभी प्रभावी बनती है जब बच्चे उसे आनंद के साथ सीखें। इसी उद्देश्य से विद्यालय में आईसीटी के माध्यम से शिक्षण को सरल, सुलभ और आकर्षक बनाया गया है। विद्यालय की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में प्रेरणादायक साबित हो रही है।







