Home उत्तर प्रदेश अस्मिता जोनल नेशनल कयाकिंग एवं कैनोइंग में उत्तर प्रदेश का शानदार प्रदर्शन,...

अस्मिता जोनल नेशनल कयाकिंग एवं कैनोइंग में उत्तर प्रदेश का शानदार प्रदर्शन, पहले दिन जीते 6 पदक

PRAYAGRAJ NEWS: छत्तीसगढ़ के नया रायपुर अटल नगर स्थित सिंध लेक में आयोजित अस्मिता जोनल नेशनल (नॉर्थ जोन) सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर महिला कयाकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप-2026 के पहले दिन उत्तर प्रदेश की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में 500 मीटर सी-1 जूनियर वर्ग में दिव्या यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वहीं 1000 मीटर के-2 जूनियर वर्ग में भूमि सोनकर व अंचल सोनकर, 1000 मीटर सी-4 सब जूनियर वर्ग में सोनी, प्रियंजलि, स्वाती और अंजली तथा 1000 मीटर सी-2 सब जूनियर वर्ग में दिव्या यादव व गोरी ने रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा 1000 मीटर सी-2 में दिया निषाद व रितिका निषाद तथा 1000 मीटर सी-1 जूनियर में चंचल निषाद ने कांस्य पदक जीते। पहले दिन के प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश ने प्रतियोगिता में अपना मजबूत दबदबा कायम किया। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ, उत्तर प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन तथा विभिन्न खेल और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी स्पर्धाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के सचिव त्रिभुवन निषाद ने दी।