FATEHPUR NEWS: असोथर-गाजीपुर मार्ग पर रविवार को भैंस के अचानक सड़क पर आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन 108 एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मिश्रामऊ निवासी लकी पुत्र दयाशंकर बाइक से असोथर से गाजीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक भैंस आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर भैंस से टकरा गई। हादसे में लकी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। वहीं बताया जा रहा है कि भैंस चरा रही 12 वर्षीय सीमा पुत्री देशराज निवासी खदरहा भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गई। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि 108 एंबुलेंस के लिए सूचना देने के करीब 40 मिनट बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इससे घायल सड़क पर तड़पता रहा। इस दौरान पास के विधातीपुर निवासी सूरजभान ने मदद के लिए आगे बढ़कर घायल लकी को अपनी मदद से पीएचसी सराय पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने सूरजभान के इस प्रयास की सराहना की। पीएचसी सराय में डॉक्टरों की टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे की चिकित्सा के लिए रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों और राहगीरों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि मामले की जांच कर एंबुलेंस सेवा में हुई देरी के कारणों का पता लगाया जाए, ताकि भविष्य में गंभीर घायलों को समय पर उपचार मिल सके।







