Home उत्तर प्रदेश असनी फायरिंग कांड में मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम, सात...

असनी फायरिंग कांड में मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम, सात लोग हिरासत में

FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम असनी में 29 अगस्त की देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मृतक के परिजनों से भी बातचीत की। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य अभियुक्त अमन सिंह और इन्द्रेश विक्रम उर्फ मन्नू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के स्तर से दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने अब तक सात लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें देशी शराब की दुकान का सेल्समैन गोवर्धन निषाद और मुख्य आरोपियों के अन्य सहयोगी शामिल हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपियों को शरण देने, छिपाने या किसी भी तरह सहयोग करने वाले लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्राम असनी और नरही में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई नियमानुसार कराई जा रही है। घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, हुसैनगंज थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।