Home उत्तर प्रदेश अमेरिका से डील नहीं, बल्कि ढील दी है केंद्र सरकार ने:सांसद नरेश...

अमेरिका से डील नहीं, बल्कि ढील दी है केंद्र सरकार ने:सांसद नरेश उत्तम पटेल

सरकार विपक्ष को बोलने का मौका नहीं देती सपा सांसद का आरोप
FATEHPUR NEWS:  समाजवादी पार्टी (सपा) से जिले के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत सरकार ने अमेरिका से कोई मजबूत डील नहीं की है, बल्कि अमेरिका को ढील दे दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का बजट पूरी तरह जनविरोधी है और इससे आम जनता को कोई लाभ मिलने वाला नहीं है। शुक्रवार को नगर के ललौली रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि संसद के बजट सत्र में महामहिम राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद परंपरा के अनुसार विपक्ष के नेताओं को चर्चा का अवसर दिया जाता है, लेकिन इस बार सत्ता पक्ष ने विपक्ष के नेताओं को बोलने नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार एक सप्ताह तक सत्ता पक्ष ने जानबूझकर व्यवधान उत्पन्न कर विपक्ष की आवाज दबाने का काम किया। उन्होंने कहा कि सरकार जानती है कि विपक्ष उसकी नीतियों और बजट की कमजोरियों को उजागर करेगा, इसलिए विपक्ष को बोलने से रोका गया। यही कारण है कि सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर काम कर रही है। वहीं केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते सपा सांसद ने कहा कि इस बार का केंद्रीय बजट बेहद निराशाजनक है और आम आदमी की समझ से परे है। पहले के बजट में किसानों, व्यापारियों, दुकानदारों और बेरोजगार युवाओं के लिए कुछ न कुछ राहत देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे जनता को यह महसूस हो कि सरकार उनके हित में काम कर रही है। इसी क्रम में सांसद नरेश उत्तम पटेल ने अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते को लेकर कहा कि भारत ने अमेरिका को जीरो टैक्स की सुविधा दे दी है, जिससे अमेरिका के उत्पाद बिना टैक्स के भारत में बिकेंगे, जबकि भारत के उत्पाद जब अमेरिका जाएंगे तो उन पर 18 प्रतिशत टैक्स लगेगा। इससे भारतीय वस्तुएं महंगी होंगी और उनका निर्यात प्रभावित होगा। उन्होंने आगे कहा कि इस नीति से भारतीय व्यापारी कमजोर होगा, किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्योगों को भारी नुकसान होगा। सरकार इसे डील बता रही है, जबकि असल में यह देश के हितों के खिलाफ एकतरफा समझौता है। इसके बाद सपा सांसद ने आगे कहा कि इस समझौते के तहत भारत को अमेरिका से करीब 500 अरब डॉलर का आयात करना पड़ेगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा और गरीबी व बेरोजगारी में इजाफा होगा। प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य गणेश वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष रामेश्वर दयाल ‘दयालू’ गुप्ता सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे हैं।