FATEHPUR NEWS: अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह का 169वां बलिदान दिवस शुक्रवार को खागा स्मारक स्थल पर मनाया गया। कार्यक्रम में खागा विधायक कृष्णा पासवान मुख्य अतिथि रहीं। विशिष्ट अतिथियों में साहित्यकार गया प्रसाद ‘सनेही’ और नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह शामिल थीं। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार सिंह की पुस्तक “राजनीति का धर्म और धर्म की राजनीति” का विमोचन किया गया। समिति के मंत्री राम प्रताप सिंह और अशोक सिंह ने ठाकुर दरियाव सिंह और उनके पुत्र सुजान सिंह के 1857 की क्रांति में संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला। जनपद फतेहपुर के 1857 की क्रांति के महानायक अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह का जन्म 1795 ईस्वी में खागा गढ़ी के प्रतिष्ठित क्षत्रिय ताल्लुकेदार ठाकुर मर्दन सिंह के यहां हुआ था। ठाकुर मर्दन सिंह के दो पुत्र थे – ठाकुर दरियाव सिंह और ठाकुर निर्मल सिंह। ठाकुर दरियाव सिंह की पत्नी का नाम सुगंधा था, जिनसे उन्हें दो पुत्र, ठाकुर सुजान सिंह और ठाकुर देव सिंह हुए थें।







