यमुनानगर क्षेत्र में अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
PRAYAGRAJ NEWS: इस्लाम धर्म के प्रमुख पर्व ईद-उल-अज़हा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को यमुनानगर क्षेत्र के करछना,मेजा,कोरांव, बारा आदि तहसील क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। तहसील कोरांव अंतर्गत थाना खीरी क्षेत्र के तुर्कपुरवा ,डफलियान, लेंडियारी, खीरी, लालतारा, झड़ीयही, इंटवा, टोंगा, ऊंचगांव समेत विभिन्न गांवों और कस्बों में सुबह करीब सात बजे अकीदतमंदों ने ईदगाहों और मस्जिदों में दो रकअत नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।ईद-उल-अज़हा को कुर्बानी का त्योहार माना जाता है। इस्लामिक मान्यता के अनुसार हज़रत इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के हुक्म पर अपने पुत्र हज़रत इस्माइल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी देने का संकल्प लिया था। उनकी इसी अटूट आस्था और समर्पण की याद में यह पर्व मनाया जाता है। नमाज़ के बाद लोगों ने परंपरा के अनुसार दुम्बा, बकरा, बकरी समेत अन्य पाले गए जानवरों की कुर्बानी दी।कुर्बानी के बाद गोश्त को तीन हिस्सों में बांटने की परंपरा निभाई गई। एक हिस्सा गरीब और जरूरतमंद परिवारों में वितरित किया गया, दूसरा हिस्सा रिश्तेदारों और परिचितों को दिया गया, जबकि तीसरा हिस्सा अपने परिवार के लिए रखा गया। इस परंपरा के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, भाईचारा और इंसानियत का संदेश दिया जाता है।त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव के निर्देशन एवं एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान के मार्गदर्शन में थाना खीरी प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमण किया। हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक हरेंद्र यादव,जे पी सिंह,धीरज सिंह ,मनोज सिंह, शशिकांत, राम आधार, राम प्रवेश और बीट सिपाही नंदलाल ,अमित यादव देवेंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह आदि मस्जिदों, ईदगाहों तथा प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रहे। वहीं थाना खीरी कमेटी डीसीपीसी प्रभारी सुभाष जायसवाल भी अपने वालेंटियर्स बालेंद्र कुमार,शेषमणि, रामजीश प्रसाद,यदुनंदन सिंह, विक्रमाजीत,राम अभिलाष के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।








