मध्य रात्रि हुआ दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
AURAIYA NEWS: जनपद के बिधूना-ऐरवा कटरा मार्ग पर रठगांव के पास पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन कार बताई जा रही है, कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान छोटे सिंह राजावत (24) पुत्र सुरेश, हैप्पी राजावत (25) पुत्र अहिवरन और मोनू भदौरिया (23) पुत्र प्रमोद, निवासी सराय कछवाहा, थाना ऐरवा कटरा के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से बिधूना की ओर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे रठगांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिधूना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल सीएचसी बिधूना ले गई। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही सराय कछवाहा गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।










