Home उत्तर प्रदेश अजरौली पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत, पीड़ितों से मुलाकात कर न्याय दिलाने...

अजरौली पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत, पीड़ितों से मुलाकात कर न्याय दिलाने की कही बात

भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के पदाधिकारियों का लगा रहा जमावड़ा

FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शनिवार शाम फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र के अजरौली गांव का दौरा किया। उन्होंने 26 अगस्त को हुई केशपाल सिंह की हत्या के पीड़ित परिवार और घटना में घायल हुए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। अजरौली गांव में 26 अगस्त को केशपाल सिंह की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना में पूर्व पुलिसकर्मी बीरभान सिंह और राम लखन सिंह भी घायल हुए थे। टिकैत ने मृतक केशपाल सिंह पटेल के बेटे योगेन्द्र सिंह और घायल बीरभान सिंह व राम लखन सिंह के घर जाकर परिजनों से घटना के बारे में गहनता से पूछताछ की। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया और घटना पर दुख व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की। राकेश टिकैत के दौरे के मद्देनजर अजरौली गांव और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। यह तैनाती सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से की गई थी। सुरक्षा के लिए धाता, खखरेरू, किशनपुर, सुल्तानपुर घोष, थरियांव, हथगाम और पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया था। केवटमई, रामपुरवा, धाता बाईपास, हिनौता और अजरौली मोड़ जैसे संवेदनशील स्थानों पर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे हैं।इस दौरान युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह भी उनके साथ रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ ही विभिन्न तहसील एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने भी अपने नेता के आह्वाहन पर सुबह से अजरौली में डेरा डाल दिया था। इस दौरान जिला अध्यक्ष नवल पटेल, युवा जिला अध्यक्ष विवेक सिंह यादव, तहसील खागा संरक्षक रनमन सिंह यादव, युवा जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव के अलावा सैकड़ों की तादाद में पदाधिकारी उपस्थित रहे हैं।