Home उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर सपा नेताओं ने रोपे 53 पौधे,...

अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर सपा नेताओं ने रोपे 53 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

SIDHARTHNAGAR NEWS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर बढ़नी ब्लॉक के करूवा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 53 पौधों का रोपण किया गया। समाजवादी सरकार में निर्मित इस कॉलेज परिसर में फलदार व छायादार पौधे लगाकर सपाईयों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के आयोजक और समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सिद्धार्थनगर जनपद के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए थे, जिनमें शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के करूवा में स्थापित यह राजकीय इंटर कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय कदम है। नेपाल सीमा के समीप स्थित इस कॉलेज से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकती थी, लेकिन मौजूदा सरकार में यह पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है। आलम यह है कि कॉलेज तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग भी बदहाल और जर्जर स्थिति में है। सपा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिवस को सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए अमलतास, गुलमोहर, आम, अमरूद, अशोक और शीशम सहित 53 पौधे रोपे और स्थानीय लोगों के साथ पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष शकील शाह, प्रदेश सचिव जावेद खान, सेक्टर प्रभारी हरिनाथ यादव, मसूद आलम, मुजम्मिल खान, पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी गोपाल फौजी, मकबूल, प्रदेश सचिव अनुज चौधरी, छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव अतुल शुक्ला, अजय चौरसिया, नीबूलाल अग्रहरि सहित सैकड़ों ग्रामीण व महिलाएं उपस्थित रहीं।