AURAIYA NEWS: जनपद के सहायल थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय बाइक चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी कर उनकी पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देते थे या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सस्ते दामों में बेच देते थे. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायल पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। ग्राम थुलपिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि दो लोग चोरी की मोटरसाइकिल लेकर ग्राम भैंसोडी की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ और वाहनों की जांच में दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं। पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें ग्राम भैंसोडी में छिपाकर रखने की बात बताई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों बाइक बरामद कर लीं।पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में UP83 BB/8655 के संबंध में थाना जसराना, फिरोजाबाद में मुकदमा दर्ज है। UP80GQ1944 के संबंध में थाना एत्मादपुर, आगरा तथा UP82AU0982 के संबंध में थाना कोतवाली नगर, एटा में चोरी का मुकदमा दर्ज पाया गया है। शेष दो मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की बाइक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देते थे या फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। इसके बाद मोटर साइकिलों को सस्ते दामों पर बेचकर रुपये कमाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रान्सू पुत्र अमरेश सिंह और लालू पुत्र अमर सिंह कुशवाह, दोनों निवासी ग्राम भैंसोडी, थाना सहायल,जनपद औरैया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सहायल में मु0अ0सं0 122/26, धारा 317(2)/336(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा तीन चोरी के मामलों का खुलासा भी हुआ है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।







