KUSHINAGAR NEWS: तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 बुधवार 02 जुलाई से शुरू हो गई। पहले ही दिन डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी केशव कुमार ने परीक्षा की शुचिता परखने के लिए कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ कहा कि नकल या लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।
इन केंद्रों पर पहुंची अफसरों की टीम
डीएम-एसपी ने किसान इंटर कॉलेज शाखोपार और उदित नारायण पी.जी. कॉलेज के ब्लॉक-ए व ब्लॉक-बी का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड, परीक्षार्थियों की एंट्री और सुरक्षा इंतजामों को बारीकी से जांचा गया।
पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को दो टूक कहा कि परीक्षा शासन के निर्देशों के मुताबिक पूरी पारदर्शिता और सतर्कता से कराई जाए। उन्होंने चेताया कि अनुचित साधनों के प्रयोग या नकल की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई होगी। एसपी ने पुलिस बल को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
हर केंद्र पर कड़ी निगरानी
प्रशासन ने दावा किया कि UPTET की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, CCTV से सतत निगरानी और प्रभावी प्रशासनिक नियंत्रण किया गया है। मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की गई। परीक्षा तीन दिन तक चलेगी। डीएम ने कहा कि जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पूरी तरह नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।







