Home उत्तर प्रदेश SIR पर विपक्ष फैला रहा भ्रम, भाजपा का संकल्प—पात्र मतदाता का नाम...

SIR पर विपक्ष फैला रहा भ्रम, भाजपा का संकल्प—पात्र मतदाता का नाम न कटे: भूपेंद्र चौधरी

JAUNPUR NEWS: भाजपा कार्यालय में एसआईआर अभियान की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी रहे। बैठक की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और वंदेमातरम के साथ हुई। तत्पश्चात जिलाध्यक्ष ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने मंडल अध्यक्षों, विधानसभा संयोजकों, बीएलए-2, बूथ अध्यक्षों, बूथ प्रवासियों तथा एसआईआर में लगे सभी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर बीएलओ के साथ तालमेल बनाकर फॉर्म भरने के कार्य में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, जबकि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और शुद्ध बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न काटा जाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम न जुड़ने पाए। उन्होंने पुरानी विसंगतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ही व्यक्ति का कई स्थानों पर नाम होना, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम बने रहना जैसी समस्याएँ मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करती रही हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, जबकि विपक्ष जनता को गुमराह कर इसे विवादित बनाने की कोशिश कर रहा है। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर लोगों को फॉर्म भरवाने में सहायता करें, मृतकों के नाम हटवाएँ और नए पात्र मतदाताओं का नाम शामिल कराएँ। उन्होंने प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर SIR प्रक्रिया को गति देने पर भी जोर दिया।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने अभियान की प्रगति पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की और कहा कि विपक्ष SIR को लेकर लगातार नकारात्मकता फैला रहा है, जबकि यह पूर्णतः जनहित और देशहित का कार्य है। मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से बढ़-चढ़कर अभियान में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुनील तिवारी ने किया। इस दौरान केपी सिंह, अशोक चौरसिया, विधायक रमेश मिश्र, हरिश्चन्द्र सिंह, पीयूष गुप्ता, सुरेन्द्र सिंघानिया, राकेश वर्मा, संदीप सरोज, विजयलक्ष्मी साहू, अवधेश यादव, संतोष मिश्र, अंजना श्रीवास्तव, विनय सिंह, पंकज मिश्रा, संदीप तिवारी, लवकुश सिंह, पुष्पा शुक्ला, आमोद सिंह, रोहन सिंह, जितेंद्र सिंह, अभिषेक तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।