विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया विशेष अभियान, विद्यार्थियों व आमजन को दी पॉक्सो एक्ट की जानकारी प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक और गोष्ठी के माध्यम से बच्चों के संरक्षण व कानूनी अधिकारों पर दिया गया जोर
सिद्धार्थनगर। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर द्वारा जनपद में पॉक्सो अधिनियम, 2012 के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और लैंगिक अपराधों के प्रति समाज में चेतना जागृत करना रहा।अभियान के अंतर्गत शुक्रवार सुबह सिद्धार्थ लॉ कॉलेज, मसिना के विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद सार्वजनिक स्थल पर नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल संरक्षण कानूनों, लैंगिक अपराधों से सुरक्षा और कानूनी उपचारों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ ने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण तैयार करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भावी अधिवक्ताओं से विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अश्वनी कुमार मिश्र ने पॉक्सो अधिनियम के वैधानिक प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कानून का मूल ध्येय 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक उत्पीड़न से पूर्ण संरक्षण और न्याय दिलाना है। कार्यक्रम में सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन ई० ओ०पी० सिंह, डॉ० सुशीला सिंह, डॉ० काया सिंह, डॉ० विवेक मित्तल, प्राचार्य डॉ० मनीष कुमार सिंह, अमित श्रीवास्तव सहित अनेक शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।उधर, बाल शिक्षा सदन कन्या इंटर कॉलेज, बुद्धनगर में भी जागरूकता शिविर और प्रभात फेरी का आयोजन हुआ। जिला पॉक्सो जागरूकता टीम के नोडल व पैनल अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छात्राओं को निशुल्क विधिक सहायता तंत्र तथा शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।